हाजीपुर में स्कूल गया 12 वर्षीय छात्र लापता, घर नहीं लौटने पर थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी
हाजीपुर, वैशाली: हाजीपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित पासवान चौक से एक 12 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्र 29 जुलाई को स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने औद्योगिक थाने में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी राजेश कुमार पिछले तीन वर्षों से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ हाजीपुर के पासवान चौक में किराये के मकान में रहकर मजदूरी करते हैं। उनकी पत्नी रेखा देवी ने बताया कि उनका 12 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार 29 जुलाई की सुबह पासवान चौक स्थित सरकारी विद्यालय पढ़ने के लिए निकला था। सड़क पार कराने के बाद पति-पत्नी मजदूरी के लिए चले गए। शाम करीब 5 बजे घर लौटने पर अंकुश घर पर नहीं मिला।
परिजनों ने आसपास के लोगों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता राजेश कुमार ने औद्योगिक थाने में आवेदन देकर बेटे की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले में औद्योगिक थाना अध्यक्ष अरविंद पासवान ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच के दौरान विद्यालय पहुंची, जहां पता चला कि 29 जुलाई को अंकुश की विद्यालय में उपस्थिति दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और छात्र की तलाश जारी है।
#हाजीपुर #वैशाली #MissingChild #AnkushKumar #IndustrialPolice #BiharNews #HajipurNews #YoungIndiaNews