गोहर के ज्योग वन क्षेत्र में भीषण आग, दर्जनों चील के पेड़ जलकर राख, आग बुझाने में वन विभाग व ग्रामीण मौके पर मौजूद
गोहर:-संजीव कुमार
उपमंडल गोहर के नाचन वन मंडल के अंतर्गत ज्योग बीट के चील वन क्षेत्र में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। इस आगजनी की घटना में दर्जनों चील के पेड़ जलकर राख हो गए, जिससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग देर रात भड़की और तेज हवाओं के कारण तेजी से फैलती चली गई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
वन विभाग के फॉरेस्ट गार्ड गुलशन शर्मा तथा बीओ (बीट अधिकारी) भरत राणा अपनी टीमों और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उल्लेखनीय है कि जिस स्थान पर आग लगी है, वहां तक अग्निशमन विभाग के वाहन नहीं पहुंच सकते, क्योंकि क्षेत्र की सड़कें कच्ची और संकरी हैं। ऐसे में ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों की मदद से ही आग बुझाने का कार्य किया जा रहा है।
इस घटना से क्षेत्र में पर्यावरण को भारी क्षति पहुंची है तथा वन्य जीवों के लिए भी खतरा उत्पन्न हो गया है। वन विभाग ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Mandi, Mandi | Jun 10, 2026