उदयपुर के हाथीपोल थाना क्षेत्र स्थित पंचवटी में एक ज्वेलरी शॉप में देर रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। बदमाश दुकान का साइड शटर उखाड़कर अंदर घुसे और करीब 90 लाख से एक करोड़ रुपये मूल्य के हीरे, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह कर्मचारी के दुकान पहुंचने पर घटना का पता चला। सूचना मिलने पर दुकान मालिक और पुलिस मौके पर पहुंचे। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चार संदिग्ध चोर वारदात को अंजाम देते दिखाई दिए हैं। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर खून के धब्बे भी मिले हैं, जिससे आशंका है कि कांच तोड़ते समय कोई आरोपी घायल हुआ। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। पीड़ित ज्वेलर ने जल्द गिरफ्तारी और चोरी गया माल बरामद करने की मांग की है।