श्रावणी मेला 2026: डीएम-एसपी ने कांवरिया पथ का किया निरीक्षण, 22 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश
बांका: श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने संयुक्त रूप से दुम्मा बॉर्डर से जिला नियंत्रण कक्ष, कटोरिया तक कच्ची कांवरिया पथ एवं विभिन्न संरचनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दुम्मा बॉर्डर पर प्रवेश द्वार को आकर्षक बनाने, अस्थायी थाना भवन में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शौचालय एवं स्नानागारों का कार्य 22 जुलाई तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रतिदिन अपने-अपने क्षेत्र का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया।
डीएम ने निर्देश दिया कि कांवरिया श्रद्धालुओं को पर्यटन स्थलों, सरकारी धर्मशालाओं एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी साइनेज और सूचना पट्टों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही कांवरिया पथ पर लगाए गए बेंच एवं कांवर स्टैंड का रंग-रोगन, सजावट और नंबरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
गोरियारी सरकारी धर्मशाला, हरखार धर्मशाला तथा अन्य विश्राम स्थलों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, जीविका दीदी की रसोई, पेयजल, हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। गोरियारी नदी के समीप प्रस्तावित टेंट सिटी में भी सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने नदी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नो-पार्किंग जोन चिन्हित कर उचित पार्किंग स्थलों के लिए साइनेज लगाने का निर्देश दिया। वहीं पुल के समीप एसडीआरएफ की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
निरीक्षण के दौरान भूल-भुलैया के समीप पुलिया के नीचे जलजमाव मिलने पर तीन दिनों के भीतर सफाई कराने, कांवरिया पथ के सुनसान स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने तथा चांदन क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
कटोरिया स्थित जिला नियंत्रण कक्ष के निरीक्षण में प्रवेश द्वार को आकर्षक स्वरूप देने, सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा श्रद्धालुओं के लिए एक आकर्षक सेल्फी प्वाइंट विकसित करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि श्रावणी मेला 2026 के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
Amarpur, Banka | Jul 11, 2026