अमृत योजना की भेंट चढ़ी सड़क! पालिका कार्यालय के पास सबरी रोड धंसी, राहगीर परेशान
मिर्जापुर। नगर पालिका परिषद कार्यालय के पास स्थित सबरी रोड पर अमृत योजना के तहत चल रहे कार्य के दौरान सड़क धंस जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क धंसने से आवागमन प्रभावित हो गया है और हादसे की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नगर के व्यस्त मार्गों में शामिल इस सड़क पर हर दिन बड़ी संख्या में वाहन और पैदल राहगीरों का आवागमन रहता है। ऐसे में समय रहते मरम्मत नहीं होने पर किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।