सूरजपुर: संभाग मुख्यालय के पास पहुंचे दंतेल हाथी महुआ बिन रही महिला को किया घायल, वनअमला निगरानी में जुटा
सूरजपुर वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहे दो दंतैल हाथी आज अंबिकापुर वन परिक्षेत्र के खलिबा गांव में पहुंच गए। हाथियों ने महुआ बिन रही एक महिला को उठाकर फेंक दिया, जिससे महिला का पैर टूट गया। हाथियों के संभाग मुख्यालय के नजदीक पहुंचने से हड़कंप मच गया है। वन विभाग का अमला हाथियों की निगरानी कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, दो दंतैल हाथी सूरजपुर वनपरिक्षेत्र के कल्याणपुर के जंगलों से निकलकर आज सुबह कुल्हाड़ी होते हुए खलिबा पहुंच गए। खलिबा में सुबह महुआ बिन रही भिखनी बाई राजवाड़े (64) हाथियों से अनजान थी। महिला के पास पहुंचे एक हाथी ने उसे सूंढ़ से उठाकर फेंक दिया। इससे महिला का पैर टूट गया एवं वह घायल हो गई। हाथियों ने महिला को मौके पर छोड़ दिया और आगे बढ़ गए।