जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक देवरिया द्वारा जिला कारागार एवं राजकीय बाल गृह का किया गया निरीक्षण, संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
आज जिला एवं सत्र न्यायाधीश देवरिया श्री धनेन्द्र प्रताप सिंह, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री हिमांशु वर्मा, जिलाधिकारी देवरिया श्री मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री अभिजीत आर. शंकर द्वारा जिला कारागार देवरिया तथा राजकीय बाल गृह का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, आवासीय व्यवस्थाओं, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अभिलेखों का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।
जिला कारागार निरीक्षण के दौरान बैरकों, चिकित्सालय, रसोईघर, मुलाकात कक्ष एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। अधिकारियों द्वारा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए कारागार प्रशासन को सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत अधिकारियों द्वारा राजकीय बाल गृह का निरीक्षण किया गया, जहां बच्चों के रहने, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं मनोरंजन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। बच्चों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों ने बाल गृह प्रशासन को बच्चों के सर्वांगीण विकास, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
Deoria, Deoria | Jun 11, 2026