पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश के बीच भूस्खलन ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.
मसूरी-कैंपटी रोड पर सांझा दरबार के पास देर रात भूस्खलन की चपेट में आने से एक मकान और दुकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गया.
हादसे के दौरान परिवार के लोग मकान के भीतर मौजूद थे, लेकिन खतरे को भांपते हुए उन्होंने किसी तरह समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई.
इसके कुछ ही देर बाद मकान भरभराकर मलबे में तब्दील हो गया. भूस्खलन इतना जबरदस्त था कि मकान में रखा घरेलू सामान और दुकान का सामान भी मलबे में दबकर बर्बाद हो गया
. हादसे के बाद अब पीड़ित परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है.