आज दिनांक 11.06.2026 को श्री राजकरन नैय्यर, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/यातायात द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित परमजीत हॉल में आगामी कांवड़ यात्रा एवं मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन संबंधी तैयारियों की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी में डीसीपी नगर/ट्रांस हिंडन/ग्रामीण, डीसीपी यातायात, सर्किल के समस्त सहायक पुलिस आयुक्त एवं समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान दोनों महत्वपूर्ण आयोजनों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई तथा सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संवेदनशील स्थलों का चिन्हीकरण कर प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त महोदय द्वारा कांवड़ मार्गों पर यातायात संचालन, डायवर्जन व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, ड्रोन एवं सीसीटीवी निगरानी तथा असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त मोहर्रम के दौरान निकलने वाले जुलूसों, ताजिया मार्गों एवं प्रमुख आयोजनों के संबंध में भी व्यापक समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर आयोजकों एवं धर्मगुरुओं के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में आगामी त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने, जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया। कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस द्वारा दोनों पर्वों के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक एवं सुदृढ़ कार्ययोजना के तहत कार्य किया जा रहा है, जिससे आमजन को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
@Uppolice