*11वें आयुर्वेद दिवस के लिए जन जागरूकता अभियान*
*मायापुर।* जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा के निर्देशन में आज बुधवार दोपहर 1:00 बजे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मायापुर में 11वें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शासकीय आयुर्वेद औषधालय, मायापुर द्वारा किया गया।इस दौरान विद्यालय परिसर में औषधीय पौधों का पौधारोपण किया गया, साथ ही विद्यार्थियों से स्वास्थ्य संवाद और निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई।कार्यक्रम में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल जैन ने विद्यार्थियों को "स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद" विषय पर संबोधित किया। उन्होंने ऋतुचर्या, दिनचर्या, आहार-विहार, स्वास्थ्य के आवश्यक मापदंड और औषधीय पौधों के महत्व की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि आयुर्वेद केवल चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। बदलती जीवनशैली में स्वस्थ रहने के लिए आयुर्वेद के नियमों का पालन आवश्यक है।इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य श्री मुकेश यादव, बुन्देलसिंह अहिरवार, राकेश लोधी सहित समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।