#अलीगढ़ वार्ड 30 के आजाद नगर में 15 साल पुरानी मुख्य सड़क बदहाल, बारिश में जलभराव से स्थानीय लोग परेशान, पार्षद से शिकायत के बाद भी नहीं हुआ निर्माण
अलीगढ़ के वार्ड नंबर 30 स्थित आजाद नगर में करीब 20 साल पुरानी मुख्य सड़क बदहाल स्थिति में है। स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क लंबे समय से जर्जर है और जगह-जगह गड्ढे हो चुके हैं। सड़क का स्तर आसपास की जमीन से नीचे होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है। जलभराव के चलते लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि बारिश के दौरान घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को होती है। जलभराव के बीच बच्चों को गुजरना पड़ता है, जिससे अभिभावकों को भी चिंता बनी रहती है। लोगों का कहना है कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ।
तोहिद अहमद समेत स्थानीय लोगों ने नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा और वार्ड नंबर 30 के पार्षद दिनेश भारद्वाज से सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सिर्फ सड़क बनाना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि जलनिकासी की व्यवस्था भी दुरुस्त कराई जानी चाहिए, ताकि हर बारिश में यही समस्या दोबारा न खड़ी हो।
इस दौरान वार्ड अध्यक्ष तोहिद अहमद गुड्डन, जफरुद्दीन खान, कांग्रेस नेता शाहिद खान, अकबर खन्ना, अकबर सलमानी, जफरुद्दीन गाजी, प्रेम प्रकाश गुप्ता, गुड्डा, सदाम गाजी, अदनान, मुन्ना सैफी और जुबेर अहमद समेत अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Koil, Aligarh | Sep 26, 2026