चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां स्थित एनएच-20 किनारे होटल में पुलिस का छापा, तीन युवतियां व तीन युवक हिरासत में
कोडरमा:चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां स्थित एनएच-20 किनारे बाबा लाइन होटल में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार देर रात छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान होटल से तीन युवतियों और तीन युवकों को संदिग्ध परिस्थिति में हिरासत में लिया गया। पुलिस ने होटल के मैनेजर और एक अटेंडेंट को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, जबकि होटल संचालक मौके से फरार बताया जा रहा है।पुलिस के अनुसार होटल में अनैतिक गतिविधियों के संचालन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध स्थिति में मिले सभी लोगों को चंदवारा थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला देह व्यापार से जुड़े नेटवर्क से संबंधित होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस एक कथित दलाल की भूमिका की भी जांच कर रही है।जांच के दौरान पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान, होटल में ठहरने के उद्देश्य, आपसी संबंध तथा होटल प्रबंधन की भूमिका की पड़ताल कर रही है। छापेमारी के दौरान कुछ वाहनों को भी जब्त किया गया है।गौरतलब है कि कोडरमा रेलवे स्टेशन के आसपास स्थित होटलों में इससे पहले भी अनैतिक गतिविधियों के आरोप में कई बार पुलिस कार्रवाई हो चुकी है। हालांकि उरवां स्थित इस होटल में इस तरह की कार्रवाई पहली बार होने से इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।