जगदीशपुर में 99 बोतल विदेशी शराब बरामद, पुलिस को चकमा देकर तस्कर फरार, बाइक जब्त
भागलपुर: जगदीशपुर थाना क्षेत्र के भागलपुर–दुमका मुख्य मार्ग स्थित अस्पताल चौक के समीप पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 99 बोतल विदेशी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। हालांकि शराब तस्कर पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार, झारखंड की ओर से एक तस्कर मोटरसाइकिल पर विदेशी शराब की खेप लेकर आ रहा था। अस्पताल चौक के पास पुलिस को देखकर वह घबरा गया। इसी दौरान उसकी बाइक पुलिस वाहन से टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। मौके का फायदा उठाकर तस्कर बाइक और शराब छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने मोटरसाइकिल की तलाशी ली, जिसमें करीब 19 लीटर (99 बोतल) विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद शराब और बाइक को जब्त कर जगदीशपुर थाना लाया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है कि अस्पताल चौक पर पुलिस चेक पोस्ट पर एक दरोगा और चार पुलिसकर्मियों की तैनाती रहने के बावजूद तस्कर वहां तक कैसे पहुंच गया।
जगदीशपुर थाना अध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि 99 बोतल विदेशी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। मोटरसाइकिल के आधार पर फरार तस्कर की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
Amarpur, Banka | Jul 11, 2026