नवादा में नकली मोबिल ऑयल का बड़ा भंडाफोड़, करोड़ों का डुप्लीकेट माल जब्त
Nawada, Nawada | Apr 3, 2026 नवादा में नकली मोबिल ऑयल की पैकिंग और आपूर्ति करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। कोलकाता से आई चार सदस्यीय टीम ने नगर थाना पुलिस के सहयोग से हड्डी गोदाम मोहल्ले में छापेमारी कर करोड़ों रुपये का डुप्लीकेट माल जब्त किया। जानकारी के अनुसार, Gulf Oil Lubricants India Limited के नाम पर बड़े पैमाने पर नकली मोबिल ऑयल की आपूर्ति की जा रही थी। छापेमारी के दौरान टीम ने कंपनी के डुप्लीकेट रैपर, नकली मोबिल ऑयल, स्कैनर तथा पैकिंग में प्रयुक्त होने वाले कई डिब्बे बरामद किए। कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस प्रकार का नकली मोबिल ऑयल वाहनों में उपयोग करने पर इंजन को गंभीर क्षति पहुंचा सकता है। नवादा के विभिन्न क्षेत्रों में डुप्लीकेट स्टिकर और रैपर लगाकर इसे बेचा जा रहा था। नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह ने बताया कि इस संबंध में मोहम्मद नियाज के विरुद्ध लिखित आवेदन दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोहम्मद नियाज हड्डी गोदाम स्थित अपने ठिकाने से कंपनी के नाम पर बड़े पैमाने पर नकली मोबिल ऑयल की आपूर्ति कर रहा था।