देहरादून शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए लच्छीवाला से रायपुर स्थित महाराणा प्रताप चौक तक करीब 15 किलोमीटर लंबी फोरलेन एलिवेटेड रोड बनाने की योजना तैयार की गई है। परियोजना के सर्वेक्षण और डीपीआर तैयार करने के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह एलिवेटेड रोड सौंग नदी के किनारे विकसित की जाएगी। परियोजना का उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम करना और वैकल्पिक बाईपास सुविधा उपलब्ध कराना है। विभाग का लक्ष्य इस वर्ष के अंत तक सर्वे और डीपीआर का कार्य पूरा करना है, जिसके बाद निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।