स्टार्टअप को बाजार तक पहुंचाने के गुर सीख रहे युवा, 375 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर शुक्रवार को हुलासगंज स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, जहानाबाद में स्टार्टअप सेल की ओर से “Scale-Up & Market Access” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, विभागीय जांच विनय कुमार सिंह ने भाग लिया। बिहार सरकार के उद्योग विभाग के अंतर्गत Startup Bihar के दिशा-निर्देश एवं जिला उद्योग केंद्र के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में करीब 375 विद्यार्थियों, नवाचारकर्ताओं एवं भावी उद्यमियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उद्यमिता, नवाचार, बाजार तक पहुंच, उत्पाद विकास तथा स्टार्टअप के विस्तार से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता विनय कुमार सिंह ने कहा कि युवाओं में नवाचार, उद्यमिता और स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने स्थानीय संसाधनों एवं स्थानीय समस्याओं पर आधारित नवाचार विकसित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि किसी भी उत्पाद की गुणवत्ता के साथ उसकी मार्केटिंग और ब्रांडिंग भी महत्वपूर्ण है। युवाओं को छोटे स्तर से शुरुआत कर अपने उद्यम को बड़े बाजार तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों और नव उद्यमियों को उद्योग जगत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं को “Start Local, Scale Global” की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के चंद्रेश्वर राम एवं एमएसएमई मित्र रितेश कुमार समेत अन्य प्रतिनिधियों ने बिहार सरकार एवं उद्योग विभाग की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी। व्यवसाय के विस्तार और बाजार तक पहुंच बनाने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण महाविद्यालय के स्टार्टअप सेल से जुड़े विभिन्न स्टार्टअप्स एवं उनके संस्थापकों द्वारा उत्पादों और डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रदर्शन रहा। Menstro Care ने अपना नया पोर्टल लॉन्च किया। वहीं राहुल कुमार ने अपनी स्टार्टअप यात्रा साझा करते हुए BOQ वेब पोर्टल लॉन्च किया। Hariyali Cart की ओर से तकनीकी अनुभव एवं बाजार तक पहुंच बनाने की रणनीति साझा की गई, जबकि Starch Link ने आलू से निर्मित स्टार्च आधारित उत्पाद का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में बाजार की समझ, उत्पाद विकास, मार्केटिंग, ब्रांडिंग, नेटवर्किंग और व्यवसाय को लगातार सीखते हुए आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों एवं नव उद्यमियों ने स्टार्टअप स्थापना, मार्केटिंग और ब्रांडिंग से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से जिले के युवाओं में उद्यमिता एवं नवाचार को बढ़ावा देने तथा “Start Local, Scale Global” की अवधारणा को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
Jehanabad, Jehanabad | Aug 21, 2026