जमुई: 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' में छात्र- छात्राओं ने पढ़ाई से संबंधित समस्याओं को बताया
बिहार सरकार के निर्देश पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं संस्थागत समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिला प्रशासन द्वारा जिले के 36 चयनित विद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों तथा विभिन्न छात्रावासों में 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। राज्य सरकार की 'सात निश्चय-3' योजना के अंतर्गत 'सबका सम्मान, जीवन आसान' को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से आयोजित इन शिविरों में जिले भर के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उक्त जानकारी मंगलवार की शाम 6:00 बजे प्रेस रिलीज जारी कर दी गई।
शिविरों के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी शैक्षणिक व मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और अपने सुझाव भी साझा किए। इस अवसर पर उपस्थित सभी बच्चों ने विद्यार्थियों के कल्याण के लिए शुरू की गई बिहार सरकार की इस अनूठी और संवेदनशील पहल की सराहना की।
इस पूरी व्यवस्था को सुचारू और तकनीक-आधारित बनाने के लिए हाल ही में 17 अगस्त को मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित 'विद्यार्थी सहयोग पोर्टल' का शुभारंभ किया था। इस पोर्टल के माध्यम से संबंधित शैक्षणिक संस्थानों व छात्रावासों के पंजीकृत वास्तविक छात्र-छात्राएं अपनी शिकायतें और सुझाव सीधे दर्ज करा सकते हैं। अब प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को जिला स्तरीय 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का नियमित रूप से आयोजन किया जाएगा।
इस व्यवस्था के माध्यम से समय पर कक्षाओं का संचालन न होना, शिक्षकों की अनुपस्थिति, परीक्षाओं के आयोजन तथा परिणाम प्रकाशन में विलंब, अनधिकृत शुल्क वसूली, कोचिंग संस्थानों की विसंगतियां, विधि-व्यवस्था और पेयजल, शौचालय, बिजली, साफ-सफाई व प्रयोगशाला जैसी मूलभूत ढांचागत समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाएगा। पोर्टल और शिविर के जरिए प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का अधिकतम 30 दिनों की निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। #jamuibihar #jamuitopnews
Jamui, Jamui | Aug 26, 2026