जिला केसरी ब्रह्मानंद यादव के परिजनों से मिले विधायक गणेश चौहान, बोले—दोषियों को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा
संतकबीरनगर। धनघटा विधायक गणेश चौहान रविवार को भकठान गोसाईपुर गांव पहुंचे और क्षेत्र के गौरव एवं प्रसिद्ध जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए इस कठिन घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।विधायक गणेश चौहान ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला न समझे। उत्तर प्रदेश सरकार और वे व्यक्तिगत रूप से परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि घटना बेहद गंभीर और पीड़ादायक है तथा इसमें शामिल आरोपियों के विरुद्ध कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कानून अपना काम करेगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान विधायक ने दिवंगत ब्रह्मानंद यादव की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Sep 28, 2026