देवास में कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस ऑडियो में नगर निगम के एल्डरमैन संतोष वर्मा का नाम लेते हुए नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे लेने के आरोप लगाए गए थे। इस मामले को Hello Dewas ने भी तथ्यों के आधार पर प्रमुखता से प्रकाशित किया था। हालांकि, उस समय कई लोगों ने इस खबर और वायरल ऑडियो पर सवाल उठाते हुए इसे निराधार बताया था।
अब इस पूरे मामले में एक नया दस्तावेज़ सामने आया है। Hello Dewas को प्राप्त पुलिस अधीक्षक, देवास को संबोधित एक लिखित आवेदन में शिकायतकर्ता राजेन्द्र सेन ने दावा किया है कि संतोष वर्मा के कहने पर नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग किश्तों में लगभग ₹2 लाख का भुगतान किया गया।
आवेदन में शिकायतकर्ता ने वर्ष 2021 के दौरान किए गए कई UPI ट्रांजेक्शन, नकद भुगतान और अन्य लेन-देन का विस्तृत उल्लेख किया है। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि लंबे समय तक राशि वापस नहीं मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। आवेदन में यह भी लिखा गया है कि बाद में कथित रूप से पैसे लौटाने को लेकर बातचीत हुई, लेकिन विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ।
शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि वायरल ऑडियो सामने आने के बाद उनके खिलाफ मानहानि की कार्रवाई की जानकारी मिली, वहीं दूसरी ओर उनके परिचितों द्वारा राशि वापस दिलाने का दबाव बनाए जाने की बात भी कही गई है। आवेदन में पुलिस से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
Hello Dewas यह स्पष्ट करता है कि यह जानकारी शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए लिखित आवेदन और उपलब्ध दस्तावेज़ों पर आधारित है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की सत्यता का अंतिम निर्णय पुलिस जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।
जो लोग अब तक इस मामले को पूरी तरह निराधार बता रहे थे, उनके सामने अब शिकायत का यह दस्तावेज़ी पक्ष भी मौजूद है। Hello Dewas किसी भी व्यक्ति को दोषी या निर्दोष घोषित नहीं करता, बल्कि उपलब्ध दस्तावेज़ों, तथ्यों और संबंधित पक्षों के आधार पर ही खबर प्रकाशित करता है।
यदि इस मामले में पुलिस जांच, संबंधित पक्ष का आधिकारिक बयान या कोई नई कार्रवाई सामने आती है, तो उसे भी Hello Dewas प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews