संभावित बाढ़-सुखाड़ को लेकर बिहार सरकार अलर्ट, मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए अहम निर्देश
बांका: संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति को लेकर सोमवार को बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई। बैठक में सभी जिलों के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में वर्षापात की स्थिति की प्रतिदिन मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को सामान्य वर्षापात, वास्तविक वर्षापात तथा कुल विचलन से संबंधित आंकड़ों का दैनिक विश्लेषण एवं निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) को संवेदनशील प्रखंडों में भूजल स्तर की नियमित निगरानी करने, आवश्यकतानुसार चापाकलों की मरम्मत कराने तथा सभी क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला कृषि पदाधिकारी को फसलों के आच्छादन के निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, बिचड़ा तैयार कराने तथा धान की रोपनी में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया।
वहीं, जिला पशुपालन पदाधिकारी को जिले के सभी कैटल ट्रफ (पशु पेयजल टैंक) को सुचारु रूप से संचालित रखने, पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने तथा मोबाइल वेटरिनरी यूनिट (MVU) टीमों को पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया।
लघु सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता को सरकारी नलकूपों के माध्यम से सिंचाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी नलकूपों को कार्यशील अवस्था में रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, नगर परिषद बांका तथा नगर पंचायत बौंसी, कटोरिया और अमरपुर में आमजन एवं राहगीरों की सुविधा के लिए आवश्यकता के अनुसार अस्थायी प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
राज्य सरकार ने सभी संबंधित विभागों को संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने को कहा है।
Amarpur, Banka | Jul 13, 2026