संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में दानपेटी लेकर पहुंचे, जबकि राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों ने प्रतीकात्मक रूप से उसमें चंदा डाला। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह को लेकर भी सवाल उठाए और बैनर प्रदर्शित किए। दूसरी ओर, लोकसभा की कार्यवाही सुबह शुरू होते ही विपक्ष के हंगामे के कारण पहले दोपहर तक स्थगित करनी पड़ी। बाद में कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने जन्म-मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 पेश किया, जिसे ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। इसके बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 3 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गई। इसी बीच भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस भी सौंपा।