चंदवारा प्रखंड के पथलगड्डा पंचायत का मामला, उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
चंदवारा प्रखंड अंतर्गत पथलगड्डा पंचायत में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हाल ही में बनी लगभग चार किलोमीटर लंबी सड़क पहली ही बारिश में कई स्थानों पर धंसने लगी है। सड़क के किनारे मिट्टी भराई और समतलीकरण ठीक से नहीं होने के कारण बरसात शुरू होते ही किनारे टूटने लगे, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।ग्रामीणों का शनिवार को 12 बजे कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान ही गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई गई थी, लेकिन संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया। अब सड़क के कई हिस्सों में किनारे धंसने और गड्ढे बनने से राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ठेकेदार ने भुगतान प्राप्त कर लिया, जबकि सड़क कुछ ही महीनों में क्षतिग्रस्त होने लगी। उन्होंने निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच, दोषी ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई तथा सड़क की शीघ्र मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।