सुंदरनगर में इको-फ्रेंडली दशहरा मनाने का दिया संदेश, विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया जागरूक
पटाखों से परहेज और प्राकृतिक सामग्री से बनी मूर्तियों के उपयोग पर दिया जोर
डेली हिमाचल न्यूज़ - सुंदरनगर, 19 अक्टूबर 2026
हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सरस्वती विद्या मंदिर उच्च पाठशाला महादेव सुंदरनगर में जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रयोगशाला की कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी पूजा शर्मा ने विद्यार्थियों को पर्यावरण अनुकूल दशहरा मनाने के महत्व के बारे में जानकारी दी। पूजा शर्मा ने बताया कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस पर्व को पर्यावरण की सुरक्षा एवं स्वच्छता का संदेश देते हुए मनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण अनुकूल सजावट अपनाने, मिट्टी एवं प्राकृतिक सामग्री से बनी मूर्तियों का उपयोग करने, पटाखों से परहेज करने तथा सामुदायिक स्तर पर पर्यावरण हितैषी उत्सव आयोजित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ऊर्जा की खपत कम करने, ई-कचरे का उचित प्रबंधन करने और एकल उपयोग वाले प्लास्टिक से बचने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पर्यावरण अनुकूल त्योहार मनाना केवल हमारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि त्योहारों की वास्तविक खुशी प्रकृति को नुकसान पहुंचाने में नहीं, बल्कि उसे सुरक्षित रखने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य सरला शर्मा सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 50 विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया तथा पर्यावरण अनुकूल दशहरा मनाने का संदेश अपनाया।
Daily Himachal News Dhn24×7 Dhn24×7 Daily Himachal News Himachal Pradesh Police Mandi Police