सतगावां पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 360 से अधिक बोतल अंग्रेजी शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार
कोडरमा। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सतगावां थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मिली गुप्त सूचना के आधार पर गंगीडीह के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर बाइक को पकड़ लिया। तलाशी में बाइक से अंग्रेजी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार दोनों युवक नवादा (बिहार) के रहने वाले बताए गए हैं।इसी दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की पिकअप को रोकने का प्रयास किया। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।जब्त शराब में रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, स्टर्लिंग रिजर्व, मैजिक मोमेंट्स वोडका और किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर समेत कुल 360 से अधिक बोतल एवं कैन शामिल हैं।गिरफ्तार आरोपियों में अनिल प्रसाद यादव, साजन कुमार और बिहारी ठाकुर (सभी नवादा, बिहार निवासी) शामिल हैं। इस संबंध में सतगावां थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।