धनवार प्रखंड अंतर्गत खोरीमहुआ-कोडरमा मुख्य मार्ग पर महाराजा होटल के समीप गुरुवार देर शाम बलेनो कार और बाइक की टक्कर में एक कुरियरकर्मी की मौ"त हो गई। मृतक की पहचान गिरिडीह के बोड़ो निवासी वीरेंद्र तिवारी (46) के रूप में बताई गई है।
बताया गया कि वीरेंद्र तिवारी कुरियर का काम करते थे। गुरुवार को वह कोडरमा से पार्सल का काम पूरा कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान महाराजा होटल के पास एक बलेनो कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों और धनवार थाना पुलिस की मदद से घायल वीरेंद्र तिवारी को धनवार रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें धनबाद रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौ"त हो गई।
शुक्रवार को मृतक की पत्नी अनीता देवी ने धनवार थाना में आवेदन देकर दुर्घटना में शामिल बलेनो कार के चालक की पहचान कर उसके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। आवेदन में चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है।
धनवार थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में चालक की लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।