*बस्ती में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, एसपी को संबोधित ज्ञापन ADM को सौंपा*
*जनपद बस्ती, 22 अक्टूबर।* दि यंग बार एसोसिएशन बस्ती के बैनर तले बृहस्पतिवार को अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता नीरज चौधरी पर हुए प्राणघातक हमले के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया।
अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक बस्ती को संबोधित 6 सूत्रीय ज्ञापन अपर जिलाधिकारी ज्ञानचंद गुप्ता को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि अधिवक्ता नीरज चौधरी पर हुए हमले की FIR में नामजद शेष अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी की जाय, पीड़ित परिवार को सुरक्षा व आर्थिक-मेडिकल सहायता दी जाय तथा आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जाय।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि मुकामी थाना कलवारी पुलिस ने बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं की। हल्का सिपाही द्वारा सही तथ्य न देने पर उसके विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी की गई है। अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने और अधिवक्ताओं के मामलों में थानों पर प्राथमिकता से सुनवाई की मांग शासन से करने का अनुरोध किया है।
ज्ञापन देने वालों में एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार भट्ट, महामंत्री दुर्गेश नंदन श्रीवास्तव एडवोकेट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अखिलेश कुमार श्रीवास्तव, राधेश्याम लाल श्रीवास्तव, राम कृष्ण पांडेय, कोषाध्यक्ष जगन्नाथ सहित संयुक्त मंत्री प्रेम मोहन शुक्ल, प्रदीप पांडेय व अन्य अधिवक्ता शामिल रहे।
अपर जिलाधिकारी ने ज्ञापन लेकर आश्वस्त किया कि मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर नियमानुसार कार्रवाई कराई जाएगी।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 22, 2026