*बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई रफ्तार, स्वास्थ्य विभाग द्वारा बोट एम्बुलेंस का संचालन प्रारंभ*
भागलपुर, दिनांक– 15 सितंबर 2026। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आमजन तक त्वरित एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग, भागलपुर द्वारा बोट एम्बुलेंस का संचालन प्रारंभ किया गया है। बाढ़ के कारण सड़क मार्ग से संपर्क बाधित होने वाले क्षेत्रों में यह बोट एम्बुलेंस मरीजों के लिए जीवनरक्षक परिवहन सुविधा के रूप में कार्य करेगी।
बोट एम्बुलेंस के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, गंभीर रूप से बीमार मरीजों, बुजुर्गों, बच्चों एवं अन्य जरूरतमंद मरीजों को सुरक्षित एवं समयबद्ध तरीके से निकटतम स्वास्थ्य संस्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराते हुए उच्चतर स्वास्थ्य संस्थान में रेफर किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। बोट एम्बुलेंस के संचालन से विशेष रूप से उन ग्रामीण एवं दियारा क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा, जहां बाढ़ के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, गर्भवती महिलाओं के सुरक्षित संस्थागत प्रसव, मरीजों के समयबद्ध रेफरल तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी व्यक्ति को गंभीर स्वास्थ्य समस्या होने अथवा किसी गर्भवती महिला को प्रसव संबंधी आवश्यकता होने पर तत्काल स्थानीय स्वास्थ्यकर्मी, आशा कार्यकर्ता अथवा संबंधित स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें, ताकि बोट एम्बुलेंस के माध्यम से समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बाढ़ की चुनौती के बीच स्वास्थ्य विभाग का संकल्प है—
“हर प्रभावित व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवा, हर जरूरतमंद तक समय पर उपचार।”
जिला जन-संपर्क कार्यालय, भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Health Department
Disaster Management Department Govt. of Bihar
Bhagalpur, Bihar | Sep 15, 2026