नगरपालिका अध्यक्ष ने नागनाथ वार्ड में निर्माणाधीन रजत जयंती पार्क का किया निरीक्षण
चम्पावत। नगर पालिका परिषद चम्पावत की अध्यक्ष प्रेमा पांडेय
ने आज नागनाथ वार्ड में मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत निर्माणाधीन रजत जयंती पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क में चल रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नगरपालिका अध्यक्ष ने कहा कि रजत जयंती पार्क के निर्माण से नगरवासियों को शीघ्र ही एक आधुनिक, सुंदर एवं विशाल पार्क की सौगात मिलेगी, जहाँ बच्चे, युवा एवं वरिष्ठ नागरिक स्वच्छ एवं हरित वातावरण में समय व्यतीत कर सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नगर के सौंदर्यीकरण एवं नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना नगर पालिका परिषद की प्राथमिकता है। रजत जयंती पार्क के पूर्ण होने से चम्पावत नगर की सुंदरता में वृद्धि होने के साथ-साथ नागरिकों को मनोरंजन, भ्रमण एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों के लिए एक उत्कृष्ट स्थान उपलब्ध होगा।