सरकारी तालाब पर कब्जे का आरोप, प्रशासन से जांच की मांग
.
#हरदोई। अहिरोरी विकासखंड की ग्राम पंचायत खाड़ाखेरा में सरकारी तालाबों पर अवैध कब्जे और राजस्व की वसूली न होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों और ग्राम प्रधान ने तहसील प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान (प्रशासक) के अनुसार, खाड़ाखेरा स्थित सरकारी तालाबों के गाटा संख्या 2978 घ, 1868 और 765 की पूर्व में नीलामी कराई गई थी। बताया गया कि नीलामी में चंद्रपाल पुत्र श्रीपाल ने 3.75 लाख रुपये की सर्वाधिक बोली लगाई थी।
आरोप है कि नीलामी के बाद निर्धारित लगान की राशि सरकारी खाते में जमा नहीं कराई गई। आरोप है कि तालाब में सिंघाड़े समेत अन्य फसलों की खेती की जा रही है और इससे संबंधित लोगों को आर्थिक लाभ हो रहा है। वहीं, सरकारी राजस्व की वसूली को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। मामले को लेकर ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से शिकायत की है।
उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद अभी तक मौके पर प्रभावी जांच नहीं की गई। ग्रामीणों ने कुछ लोगों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। प्रशासन से तालाबों की मौके पर जांच कराने, यदि अवैध कब्जा पाया जाता है तो उसे हटाने, बकाया राजस्व की वसूली करने तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
-अभय सिंह
Hardoi, Hardoi | Aug 1, 2026