राज्यपाल के स्वागत के लिए टीम प्रेजीडेंट जैरथ शहर को बना रही स्वच्छ व सुंदर
--टीमें गठित कर विभिन्न जगहों पर करवाई सफाई, अशोक जैरथ और वरिष्ठ उपाध्यक्ष कर रहे नेतृत्व
फाजिल्का,22 अगस्त(सोनू वर्मा): रविवार को फाजिल्का में हो रहे राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के आगमन को लेकर फाजिल्का नगर कौंसिल टीम पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। राज्यपाल के स्वागत के लिए फाजिल्का को सफाई और सुंदरता के पक्ष से पूरी तरह सजाया संवारा जा रहा है। शहर ही नहीं बल्कि रक्षाबंधन कार्यक्रम के आयोजन स्थल आसफवाला की ओर जाने वाले बार्डर रोड को पूरी तरह सजाया संवारा जा रहा है। इसके लिए नगर कौंसिल अध्यक्षा अनीता जैरथ के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों की पूरी टीम ने अलग अलग टीमें बनाकर ड्यूटियां लगा दी हैं।
शुक्रवार को भाजपा नेता अशोक जैरथ व नगर कौंसिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगवान दास के नेतृत्व में शहर में विभिन्न जगहों पर सफाई कार्य का जायजा लिया गया और सेनेट्री इंसपेक्टर की टीम में जुटे सफाई कर्मियों को जरूरी दिशानिर्देश दिए गए। अशोक जैरथ ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को यहां आमंत्रित कर भारत पाक सीमा पर तैनात देश के रखवालों के लिए रक्षाबंधन कार्यक्रम जोकि शहीदी स्मारक आसफवाला में अध्यक्ष करण गिलहोत्रा की देखरेख में होने जा रहा है, के लिए नगर कौंसिल की ओर से विशेष स्वच्छता मुहिम चलाई जा रही है। आसफवाला की तरफ जाने वाले बार्डर रोड का निरीक्षण वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक जैरथ ने किया और रास्ते में आने वाले सभी कूड़ा डंप प्वाइंट से कूड़ा निस्तारण करवाया। पूरी सड़क और आसपास क्षेत्र की सफाई करवाई जा रही है। श्री जैरथ ने कहा कि कौंसिल की टीम को साफ सफाई, सड़क के आसपास फुटपाथ इत्यादि की स्वच्छता संबंधी हिदायतें दे दी गई हैं और कौंसिल की टीम पूरी तन्मयता से इस कार्य में जुटी है। वहीं नगर कौंसिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगवान दास ने शहर के भीतरी क्षेत्रों गांधी चौक, राम रक्खा हलवाई चौक और घंटाघर चौक पर सफाई कार्य का जायजा लिया। उन्होंने सफाई सेवक यूनियन के अध्यक्ष लवली वाल्मीकि व उनकी टीम को जरूरी दिशानिर्देश दिए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगवान दास ने बताया कि घंटाघर चौक पर आधुनिक शौचालय का जो निर्माण नगर कौंसिल की ओर से करवाया जा रहा है, उसका जायजा भी उन्होंने लिया और दुकानदारों और इस मार्केट में आने वाले लोगों की सुविधा अनुसार इसके निर्माण संबंधी निर्देश दिए।
अंडरब्रिज के भीतर सड़क की होगी मरम्मत
--अंदर पानी निकासी की मोटरों और बाहर से अंदर आने वाले पानी की रोकथाम के होंगे विशेष प्रयास
वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक जैरथ ने बताया कि सफाई कर्मियों की हड़ताल समाप्ति के बाद जहां रेलवे अंडरब्रिज के भीतर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई है, वहीं अब अगले चरण में भीतर की सड़क की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू किया जा रहा है। सारी सड़क का पैचवर्क करने के अलावा लाइन पार क्षेत्र से ब्रिज के भीतर आने वाले पानी का रिसाव बंद करने के साथ साथ अंदर जमा होने वाले पानी की निकासी के लिए नई मोटरों का प्रबंध कर दिया गया है। जल्द ही ये मोटरें इंस्टाल होने से अंडरब्रिज के भीतर जलभराव की समस्या काफी हद तक हल हो जाएगी।
टीवी टावर कूड़ा डंप किया जाएगा शिफ्ट
नगर कौंसिल की भाजपा टीम ने बताया कि कैंट रोड पर टीवी टावर के निकट एक बड़ी समस्या बन चुके कूड़ा डंप स्टेशन को शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है। इसे जल्द ही नई जगह शिफ्ट किया जाएगा लेकिन तब तक आसपास के मोहल्लों के लोगों को कूड़े कर्कट से निजात दिलाने के लिए डंप स्टेशन के आसपास चारदीवारी का प्रबंध किया जाएगा।