खड़े ट्रक से टकराई आम लदी पिकअप, चालक-परिचालक गंभीर घायल
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर गांव के समीप नेशनल हाईवे-19 पर मंगलवार तड़के करीब तीन बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। घटना में आम से लदी तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक खलासी केबिन में फंस गए।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और हाईवे से गुजर रहे वाहन चालक मौके पर पहुंचे। लोगों ने लोहे की रॉड व अन्य उपकरणों की मदद से केबिन का दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक विक्रम सोनकर और खलासी आकाश को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, विक्रम सोनकर कौशांबी से आम लादकर परिचालक आकाश के साथ चंदौली के मुगलसराय जा रहा था। चित्रसेनपुर के पास चालक को झपकी आने से पिकअप अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। दुर्घटना में पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई तथा उसमें लदे आम सड़क पर बिखर गये।
#LetestUpdate #LETESTNEWS #पत्रकारदेवेंद्रदेशमुख 👇👇