लावारिस झोले से 48 कैन बीयर बरामद, आरपीएफ ने उत्पाद विभाग को सौंपा
कोडरमा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट कोडरमा ने रेलवे स्टेशन पर गश्त के दौरान एक लावारिस झोले से 48 कैन बीयर बरामद की है। यह कार्रवाई बुधवार सुबह करीब 3:20 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर की गई।
जानकारी के अनुसार सहायक उप निरीक्षक वशिष्ठ नारायण यादव, आरक्षी रामाश्रय कुमार एवं आरक्षी धर्मेंद्र कुमार स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 के पश्चिमी छोर पर एक संदिग्ध झोला पड़ा मिला। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी झोले पर अपना दावा नहीं किया।
संदेह के आधार पर गवाहों की मौजूदगी में झोले की तलाशी ली गई, जिसमें "The Strong Kick Strong Beer" के 48 कैन बरामद हुए। प्रत्येक कैन की क्षमता 500 मिलीलीटर तथा अंकित कीमत ₹110 थी। कुल 24,000 मिलीलीटर बीयर की अनुमानित कीमत ₹5,280 आंकी गई।
आरपीएफ ने सुबह करीब 3:30 बजे जब्ती सूची तैयार कर सभी कैन जब्त किए और आवश्यक कार्रवाई के बाद बरामद बीयर को अग्रिम कार्रवाई हेतु उत्पाद विभाग, कोडरमा को सुपुर्द कर दिया।