भाजपा की समूची जिला नेतृत्व ने जिला अध्यक्ष सुखविंदर सिंह काका कंबोज की अगुवाई में पंजाब सरकार के खिलाफ किया जोरदार प्रदर्शन
फाजिल्का, 28 जुलाई(सोनू वर्मा):.भारतीय जनता पार्टी जिला फाजिल्का के समूचे जिला नेतृत्व ने जिला अध्यक्ष सुखविंदर सिंह काका कंबोज की अगुवाई में जिला महामंत्री अश्वनी फुटेला, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, नगर पार्षदों, पूर्व एवं वर्तमान चेयरमैनों, युवा नेताओं और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पंजाब सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मुख्यमंत्री का पुतला फूंककर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि पंजाब में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामले, विभिन्न वर्गों द्वारा किए जा रहे धरना-प्रदर्शन और सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि आज पंजाब का युवा, कर्मचारी, किसान, मजदूर और हर वर्ग अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है।
नेताओं ने कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य दांव पर लगा हुआ है, जबकि अपनी जायज मांगों के लिए आवाज उठाने वाले कर्मचारियों के साथ सख्ती से पेश आना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। भाजपा ने पंजाब सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि लोगों की जायज मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो पार्टी आने वाले समय में और तेज लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुखविंदर सिंह काका कंबोज, जिला महामंत्री अश्वनी फुटेला, भाजपा के वरिष्ठ नेता, नगर पार्षद, चेयरमैन, युवा मोर्चा के पदाधिकारी, शहर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कृषि विकास बैंक फाजिल्का के पूर्व चेयरमैन राणा राजिंदर सिंह जमालके ने भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं, कर्मचारियों और आम लोगों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा लोगों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी और पंजाब के लोगों के साथ होने वाले हर अन्याय का डटकर विरोध करती रहेगी।