रिटायर्ड कस्टम अधिकारी हत्याकांड का खुलासा, कथित पत्रकार समेत चार गिरफ्तार
वारदात के बाद पत्नी के खाते में डाले रुपये,हत्या के बाद भागने की थी तैयारी, नया मोबाइल-सिम खरीदा और बदली पहचान, पुलिस ने दबोचा
भोजपुर पुलिस ने रिटायर्ड कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। एसपी अवधेश दीक्षित ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जमीन विवाद में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले में कथित पत्रकार समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपितों ने गिरफ्तारी से बचने की तैयारी शुरू कर दी थी। इसके लिए नया मोबाइल फोन और नया सिम कार्ड खरीदा गया। साथ ही अपने बैंक खाते में मौजूद रुपये पत्नी के खाते में स्थानांतरित कर दिए गए, ताकि आगे की योजना बनाई जा सके। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग पहचान बताकर रहने और पुलिस से बचने की तैयारी में थे। हालांकि, पुलिस ने छानबीन के बाद चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी अवधेश दीक्षित के अनुसार, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपितों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।