Ticket No.: 96714
बकरी लूट के आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
परसमनिया पठार और बांधी मौहार से ले उड़े थे 78 बकरियां
सतना। जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र में बकरी चोरी और लूट की कई वारदातों को अंजाम देने वाले 3 शातिर बदमाशों को पुलिस ने अनूपपुर जेल से प्रोटेक्शन वारंट पर गिरफ्तार करने के बाद रिमांड में कड़ी पूछताछ की, तो दो मामलों का खुलासा हो गया। इनके खिलाफ अनूपपुर, उमरिया और सीधी जिले में भी अपराध दर्ज हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक फरवरी 2026 में परसमनिया पठार के कालीझिर जंगल (खामतला) में बकरी पालक को रस्सियों से बांधकर अज्ञात बदमाश 53 बकरियां लूट ले गए, तो वहीं बांधी-मौहार गांव से 25 बकरियां चोरी कर लीं थीं। दोनों ही प्रकरणों में कायमी कर सरगर्मी से जांच-पड़ताल की जा रही थी।
अनूपपुर जेल में बंद थे तीनों आरोपी
इसी बीच खबर लगी कि अनूपपुर पुलिस ने बकरियां लूटने वाले एक पेशेवर गिरोह के कुछ बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनका संबंध उचेहरा क्षेत्र की वारदातों से भी हो सकता है, लिहाजा यहां की पुलिस ने कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर अनूपपुर जेल में प्रस्तुत किया और आरोपी न्याज खान पुत्र चिराग खान 29 वर्ष, हसन खान पुत्र प्यार खान 24 वर्ष और अरुण खान पुत्र चिराग खान 19 वर्ष, निवासी भदनपुर पहाड़, थाना बदेरा, को गिरफ्तार कर उचेहरा ले आई। इसके बाद रिमांड मंजूर कराते हुए तीनों से सघन पूछताछ की गई तो आरोपियों ने बकरी लूटकर अलग-अलग जगह बेच देने का जुर्म कबूल कर लिया। अब इनके जरिए लूटी गई बकरियों और बिक्री से हासिल रकम की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
चौकी प्रभारी की लूटी थी पिस्टल
तीनों आरोपी और उनके गिरोह के सभी साथी बेहद खूंखार और दुर्दांत बताए जा रहे हैं। इन्हीं आरोपियों ने 22 अप्रैल 2026 को अनूपपुर जिले के करण-पठार थाना क्षेत्र में बकरी लूट की वारदात को अंजाम दिया, मगर भागते समय सरई चौकी प्रभारी मंगल धुर्वे ने अपनी टीम के साथ गिरोह को घेर लिया, तब नियाज खान और उसके साथियों ने पत्थरों से हमला कर सरकारी पिस्टल लूट ली थी। हालांकि कुछ समय बाद पुलिस ने एक नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्त में लेकर पिस्टल बरामद कर ली थी। यह गिरोह अलग-अलग जगह डेरे के शक्ल में रहता है और वारदात के बाद जगह बदल देता है।
Raghurajnagar Nagareey, Satna | Jul 28, 2026