#हर_जगह_जनता_परेशान..
भरतपुर। रूपवास नगरपालिका क्षेत्र की नानकपुर कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी से नाराज क्षेत्रवासियों ने सोमवार को उपखंड अधिकारी विष्णु बंसल को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने अधूरे नाले का निर्माण पूरा कराने, नीची हुई गलियों में आरसीसी सड़क बनाने और चम्बल परियोजना से मीठा पेयजल उपलब्ध कराने की मांग रखी। क्षेत्रवासियों ने रोष जताते हुए बताया कि एक साल पहले भी इन्हीं समस्याओं को लेकर एक महीने तक धरना दिया गया था। तब विधायक ऋतु बनावत और प्रशासनिक अधिकारियों ने एक वर्ष में काम पूरा कराने का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन समय बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस है। अजय कुमार, हरीशंकर और रामकिशन सहित मौजूद लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे पुनः अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।