
प्रतापगढ़ के लाल योगेंद्र मिश्रा ने बढ़ाया मदद का हाथ, 6 मासूमों की शिक्षा और रोजगार की ली जिम्मेदारी
रायगढ़ के छह मासूम बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी उठाएंगे जनपद प्रतापगढ़ के लाल योगेंद्र मिश्रा, शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराने की घोषणा
प्रतापगढ़ । रायगढ़ गांव में हुए दर्दनाक करंट हादसे के बाद मां का साया खो चुके छह मासूम बच्चों के जीवन में अब उम्मीद की नई किरण दिखाई देने लगी है। सामाजिक सहयोग की इस मुहिम में जनपद प्रतापगढ़ के लाल एवं DC ग्रुप (Direct Credit) के मैनेजिंग डायरेक्टर योगेन्द्र कुमार मिश्रा ने बड़ा मानवीय कदम उठाते हुए रत्ना सहित सभी बच्चों की शिक्षा एवं भविष्य में रोजगार उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
योगेंद्र मिश्रा ने कहा कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई केवल आर्थिक अभाव के कारण नहीं रुकनी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ बड़े होने पर उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार एवं आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा।
रायगढ़ की इस दर्दनाक घटना के बाद समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संस्थाओं द्वारा लगातार मदद का हाथ बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद प्रतापगढ़ के लाल योगेंद्र मिश्रा की यह पहल इन छह मासूम बच्चों के भविष्य को संवारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने योगेंद्र मिश्रा एवं DC ग्रुप के इस संवेदनशील और प्रेरणादायी निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में मानवता की मिसाल हैं और जरूरतमंद बच्चों के जीवन में नई उम्मीद जगाते हैं।