
18 दिन बाद मिली राहत: अमलाबाद से लापता दो सगी बहनें नई दिल्ली से सकुशल बरामद
★★
पुलिस की त्वरित कार्रवाई रंग लाई, यास्मीन और सान्या को सुरक्षित वापस लाया गया अमलाबाद
◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆
चंदनकियारी के अमलाबाद ओपी क्षेत्र से लापता हुई दो सगी बहनों को पुलिस ने नई दिल्ली से सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। बेटियों के सुरक्षित वापस लौटने से परिजनों में खुशी का माहौल है और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, महाल गांव निवासी मुस्तकीन साईं की 21 वर्षीय पुत्री यास्मीन खातून और 18 वर्षीय पुत्री सान्या खातून 18 जून 2026 को अचानक घर से लापता हो गई थीं। घटना के बाद परिजनों ने अमलाबाद ओपी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर कांड संख्या 75/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(1) में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अमलाबाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी सेल की सहायता और लगातार की गई छानबीन के दौरान पुलिस को दोनों युवतियों के नई दिल्ली में होने की सूचना मिली। इसके बाद विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और टीम ने दिल्ली पहुंचकर कार्रवाई करते हुए दोनों बहनों को सुरक्षित बरामद कर लिया।
गुरुवार को दोनों युवतियों को अमलाबाद ओपी लाया गया, जहां परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस की इस त्वरित और सफल कार्रवाई की क्षेत्र में भी सराहना हो रही है।
हालांकि, पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों युवतियां किन परिस्थितियों में दिल्ली पहुंचीं और इस घटनाक्रम में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Chandankiyari #AmalabadOP #Bokaro #JharkhandNews #MissingGirlsFound #Delhi #PoliceSuccess #BreakingNews