चरखी दादरी के सेना जवान रवि प्रकाश बेंगलुरु में शहीद
हरियाणा के चरखी दादरी के कासनी गांव निवासी सेना के जवान रवि प्रकाश बेंगलुरु में शहीद हो गए। मंगलवार सुबह ट्रेनिंग के दौरान फिजिकल एक्टिविटी करते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
रवि प्रकाश 2015 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में राष्ट्रीय राइफल्स की 54वीं बटालियन में कश्मीर में तैनात थे। इन दिनों वे बेंगलुरु में प्रमोशन कोर्स कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, ट्रेनिंग का मंगलवार को आखिरी दिन था और एक दिन पहले ही उन्होंने पत्नी व 8 साल के बेटे से वीडियो कॉल पर बात की थी। उन्होंने जल्द ही हवलदार बनने और घर लौटने की बात कही थी।
रवि प्रकाश के परिवार में पत्नी सुनीता और 8 वर्षीय बेटा देव हैं। सेना की ओर से उनके पार्थिव शरीर को गांव लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। देर शाम तक शव गांव पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।