
नलसुहा पीएचसी में शुरू हुई स्वास्थ्य सेवाएं, अब ग्रामीणों को मिलेगी स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा
प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुरिंदर मनकोटिया ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का जताया आभार
जसवां-प्रागपुर।
जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के नलसुहा और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक नई शुरुआत हुई है। नवस्थापित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) नलसुहा में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नियमित चिकित्सकीय सेवाओं का शुभारंभ कर दिया गया। इस दौरान चिकित्सक डॉ. सिद्धांत वत्स तथा स्टाफ नर्स रंजना ने अपनी सेवाएं संभालते हुए मरीजों का उपचार शुरू किया।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुरिंदर मनकोटिया ने इस अवसर पर कहा कि पीएचसी के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं अब अपने घर के नजदीक ही उपलब्ध होंगी। इससे छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार के लिए लोगों को देहरा या अन्य अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और नलसुहा में पीएचसी का संचालन शुरू होना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार आम लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के अपने संकल्प को लगातार पूरा कर रही है।
मनकोटिया ने डॉ. सिद्धांत वत्स और स्टाफ नर्स रंजना को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनकी सेवाओं से क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलेगा और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थानीय जनता के लिए एक भरोसेमंद स्वास्थ्य केंद्र के रूप में स्थापित होगा।