
चूरू में सनसनी: कूलर में बेहोशी का स्प्रे कर परिवार को किया बेसुध, महिलाओं के गहने उतार लाखों की चोरी
चूरू। शहर के कायमनगर क्षेत्र में चोरों ने बेहद शातिर अंदाज में वारदात को अंजाम देते हुए दो मकानों से लाखों रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बदमाश देर रात पहले दोनों मकानों की चारदीवारी फांदकर अंदर घुसे। इसके बाद लोहे की जाली का गेट तोड़कर घर में प्रवेश किया। आरोप है कि घर के भीतर सो रहे परिवार के लोगों को गहरी नींद में रखने के लिए कूलर में बेहोश करने वाला स्प्रे किया गया।
इसके बाद चोरों ने महिलाओं के कानों में पहनी सोने की बालियां और गले के आभूषण उतार लिए। वहीं, घर के अन्य कमरों में सो रहे परिजनों के दरवाजों को बाहर से कुंदा लगाकर बंद कर दिया, ताकि कोई जागकर उनका विरोध न कर सके। इसके बाद बदमाश आराम से नकदी और लाखों रुपये के जेवरात समेटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
नोट: "कूलर में बेहोश करने वाला स्प्रे" किए जाने का दावा प्रारंभिक आरोपों पर आधारित है। इसकी पुष्टि पुलिस जांच और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
#ChuruNews #churu #ChuruPolice #chori #tharkiawaazajay
Churu, Churu | Jul 13, 2026