
कङू नाला हादसा: वीर सिंह राणा ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और BRO से उचित मुआवजे की उठाई मांग
किलाड़/चंबा, 27 जुलाई 2026।
कढ़ू नाला के समीप सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे, जिसमें 13 लोगों की जान चली गई थी, को लेकर हिमाचल प्रदेश स्टेट वूल फेडरेशन के निदेशक एवं हिमाचल प्रदेश राजपूत कल्याण बोर्ड के सदस्य वीर सिंह राणा ने प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई हैं। उन्होंने उपायुक्त चंबा को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर हादसे की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच, दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा मृतकों के आश्रित परिवारों को सीमा सड़क संगठन (BRO) की ओर से उचित एवं पर्याप्त मुआवजा दिलाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि कङू नाला के समीप BRO/GREF द्वारा सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य के दौरान पहाड़ी से चट्टानें गिरने के कारण एक चलती वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे 13 निर्दोष नागरिकों की असमय मृत्यु हो गई। राणा ने इसे केवल पांगी घाटी ही नहीं बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना बताया।
उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया या पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए बिना आम वाहनों की आवाजाही जारी रखी गई, तो यह गंभीर लापरवाही का मामला है। ऐसे मामलों में केवल संवेदना व्यक्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें
कङू नाला हादसे की मजिस्ट्रेट अथवा उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच करवाई जाए।
जांच में यदि BRO/GREF अथवा संबंधित अधिकारियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं अन्य लागू कानूनों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाए।
हादसे में जान गंवाने वाले 13 मृतकों के आश्रित परिवारों को BRO की ओर से उचित एवं पर्याप्त मुआवजा दिलाने के लिए रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार को प्रभावी अनुशंसा भेजी जाए।
SKTT सड़क सहित पांगी क्षेत्र की सभी संवेदनशील एवं खतरनाक सड़क परियोजनाओं का सुरक्षा ऑडिट करवाकर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
'13 परिवारों को न्याय मिलना प्रशासन की जिम्मेदारी'
वीर सिंह राणा ने कहा कि 13 परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है और इस अपूरणीय क्षति की भरपाई किसी भी आर्थिक सहायता से संभव नहीं है। इसलिए दोषियों की जवाबदेही तय करना और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना प्रशासन का नैतिक एवं कानूनी दायित्व है।
भाजपा पर भी साधा निशाना
इस दौरान वीर सिंह राणा ने क्रमिक अनशन पर बैठे भाजपा मंडल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब केन्द्र में भाजपा की सरकार है तो प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने के लिए सिफारिश क्यों नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक बयानबाजी के बजाय पीड़ित परिवारों के हित में ठोस पहल की जानी चाहिए।
ज्ञापन की प्रतिलिपि रक्षा मंत्री भारत सरकार, महानिदेशक सीमा सड़क संगठन (BRO), मुख्य अभियंता परियोजना दीपक (BRO), आवासीय आयुक्त पांगी तथा उपमंडलाधिकारी (नागरिक) पांगी को भी प्रेषित की गई है।
#KaduNalaAccident #Pangi #Chamba #HimachalPradesh #BRO #RoadSafety #JusticeForVictims #Compensation #PublicSafety #Infrastructure #BreakingNews #HimSandesh #IndiaNews हिम संदेश Pangi Administration DC Chamba Veer Singh Rana Janak Raj Sukhvinder Singh Sukhu Pangi Valley
Saach, Chamba | Jul 27, 2026