नवादा (कौआकोल): बिहार में जहां राज्य सरकार द्वारा आम उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना लागू है, वहीं नवादा जिले के कौआकोल प्रखंड अंतर्गत गुआघोघरा गांव में गुरुवार रात बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। बताया गया कि गांव के लगभग 200 उपभोक्ताओं पर कुल 12 लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है। बिजली विभाग के पर्यवेक्षक संजीव कुमार के अनुसार, कई बार नोटिस देने और समझाने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर गांव के ट्रांसफॉर्मर से बिजली आपूर्ति रोक दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया। रात के समय अचानक बिजली कटने से पूरा गांव अंधेरे में डूब गया। लोगों का कहना है कि बिना पूर्व सूचना के बिजली काटे जाने से दैनिक कार्य बाधित हो गए, वहीं बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि जिन्होंने नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान किया है, उन्हें भी सामूहिक रूप से बिजली से वंचित क्यों किया गया। गांववासियों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में बिना उचित सूचना के ऐसी कार्रवाई न की जाए तथा विभागीय नियमों का पालन करते हुए उपभोक्ताओं की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाए। सोनू सिंह (Sonu Singh Journalist)