तीन दुकानों में चोरी का खुलासा, नकदी व बैटरियां बरामद
रामसिंहपुर के मुख्य बाजार स्थित कुपली चौराहे पर तीन दुकानों में चोरी के मामले में पुलिस ने अनूपगढ़ जेल में बंद तीन आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर चोरी की नकदी और बैटरियां बरामद की है। जांच कर रहे एएसआई गुलाब सिंह ने बताया कि कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट पर गुरसेवक सिंह उर्फ सेवक पुत्र लखबीर सिंह रविदासिया निवासी 7 ए छोटी श्रीगंगानगर हाल सजना कॉलोनी पदमपुर, पूर्णराम उर्फ सोनू पुत्र पृथ्वीराज मेघवाल निवासी 23 बीबी बैरा तथा संदीप सिंह पुत्र इंद्रजीत सिंह निवासी 1 बीबी थाना चूनावढ़ को पूछताछ के लिए रामसिंहपुर लाया गया।
आरोपियों ने कुपली चौराहे पर तीन दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।
उनकी निशानदेही पर चोरी की नकदी और बैटरियां बरामद कर ली गई। पूर्णराम और संदीप सिंह के खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी नशे के आदी है और नशे की पूर्ति के लिए चोरी करते थे।