
फिन्डपार और किलाड़-1 पंचायत में रसोई गैस संकट गहराया, महीनों से खाली पड़े सिलेंडर; प्रशासन ने जल्द आपूर्ति बहाल होने का दिया भरोसा
फिन्डपार के ग्रामीण दिनभर धूप में गैस सिलेंडरों का करते रहे इंतजार, शाम तक नहीं पहुंची सप्लाई; प्रशासन से जल्द समाधान की मांग
पांगी (चंबा), 28 जुलाई।
जनजातीय क्षेत्र पांगी में रसोई गैस की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। मंगलवार को फिन्डपार क्षेत्र के ग्रामीण पूरे दिन कड़ी धूप में गैस सिलेंडरों के इंतजार में फिन्डरू गांव में डटे रहे, लेकिन शाम तक गैस की आपूर्ति नहीं हो सकी। इससे ग्रामीणों में भारी निराशा और रोष देखने को मिला।
फिन्डरू पंचायत के उपप्रधान इन्द्रपाल ने बताया कि फिन्डपार क्षेत्र के लोगों को गैस सिलेंडर भरवाने के लिए अपने घरों से सिलेंडर पीठ पर उठाकर करीब तीन किलोमीटर पैदल फिन्डरू तक लाना पड़ता है। इसके लिए उन्हें अपने दैनिक कामकाज छोड़ने पड़ते हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लगभग 30 से 40 परिवारों के गैस सिलेंडर कई महीनों से खाली पड़े हैं। ग्रामीणों ने पूरे दिन इंतजार किया, लेकिन गैस की आपूर्ति नहीं होने के कारण उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।
उपप्रधान इन्द्रपाल ने पांगी प्रशासन से मांग की है कि फिन्डपार क्षेत्र के लोगों को जल्द से जल्द रसोई गैस उपलब्ध करवाई जाए ताकि उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सके।
वहीं, किलाड़-1 पंचायत के नवनिर्वाचित उपप्रधान जितेंद्र कुमार ने भी बताया कि उनकी पंचायत के कई गांवों में पिछले कई महीनों से गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही है। इसके कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर पांगी प्रशासन को लिखित शिकायत भी सौंपी जा चुकी है, लेकिन अभी तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में रसोई गैस की नियमित आपूर्ति तत्काल बहाल की जाए।
इस संबंध में पांगी के एसडीएम एवं आवासीय आयुक्त अमनदीप सिंह ने बताया कि जहालमा नाले के क्षतिग्रस्त होने के कारण बड़ी गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई थी, जिससे पांगी में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित रही। उन्होंने कहा कि इस दौरान जितने भी सिलेंडर क्षेत्र में पहुंचे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लोगों में वितरित किया गया।
एसडीएम ने बताया कि अब जहालमा नाले पर पुल का निर्माण हो चुका है, जिससे वाहनों की आवाजाही सुचारू होने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में पांगी में गैस सिलेंडरों की कमी दूर हो जाएगी और सभी उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
लगातार बनी इस समस्या से प्रभावित ग्रामीणों को अब प्रशासन के आश्वासन के जल्द धरातल पर उतरने का इंतजार है, ताकि उन्हें बार-बार गैस सिलेंडर के लिए लंबी दूरी तय करने और घंटों इंतजार करने की मजबूरी से निजात मिल सके।
#Pangi #Chamba #HimachalPradesh #LPG #GasSupply #RuralIndia #PublicIssue #BreakingNews #HimSandesh #TribalArea #Infrastructure #LocalNews #IndiaNews #CommunityVoice #PangiValley हिम संदेश Pangi Administration DC Chamba Pangi, Chamba, Himachal Pradesh Pangi Live News Pangi Valley PANGI KI AWAAJ
Saach, Chamba | Jul 28, 2026