
सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर नवीन कृषि संकल्प अभियान का आगामी 7 जुलाई को रादौर में होगा शुभारंभ
रादौर: 4 जुलाई। सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल ‘नवीन कृषि संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया जा रहा है। यह अभियान किसानों के लिए अन्न भंडारण व्यवस्था के लिए नई सोच, नई तकनीक और नए अवसरों के द्वार खोलेगा। आगामी 7 जुलाई को रादौर के सफल पैलेस में हरियाणा के कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा इस महत्वपूर्ण अभियान का शुभारंभ करेंगे। आज रादौर में नवीन कृषि संकल्प अभियान को लेकर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा नेता श्री नेपाल राणा, सांसद नवीन जिन्दल के कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह, कैथल कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान और अभियान कोर्डिनेटर ईशान पांडे ने अभियान का पोस्टर भी लांच किया और आगामी रुपरेखा साझा की।
नवीन कृषि संकल्प अभियान के बारे में उपरोक्त जानकारी देते हुए भाजपा नेता श्री नेपाल राणा ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में इस अभियान के अंतर्गत किसान लाभान्वित होंगे । इस कार्यक्रम में किसानों को कृषि विशेषज्ञों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्हें प्राकृतिक खेती, अन्न भंडारण, फसल विविधीकरण,पर्यावरण-संरक्षण और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल का लक्ष्य है कि विकसित भारत निर्माण में किसान अपनी भागीदारी करें। नवीन कृषि संकल्प अभियान किसानों के भविष्य को सशक्त बनाने का एक रोडमैप है। सांसद नवीन जिन्दल का मानना है कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की सबसे मजबूत रीढ़ हैं। यदि किसान समृद्ध होगा तो भारत का भविष्य और भी सशक्त होगा।
इस अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल के कैथल कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर सरकारी योजनाओं की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी। नवीन कृषि संकल्प अभियान का उद्देश्य किसानों को ऐसी सोच और संसाधनों से जोड़ना है, जिससे खेती लाभकारी बन सके।
नवीन कृषि संकल्प अभियान कोर्डिनेटर ईशान पांडे ने बताया कि इस कार्यक्रम में नवीन जिन्दल फाउंडेशन और मिनिस्ट्री ऑफ कंज्यूमर अफेयर्स एंड पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम के उपक्रम सैंट्रल हाउसिंग कार्पोरेशन के साथ आधुनिक अन्न भंडारण व्यवस्था और इससे जुड़े अन्य वित्तीय लाभों की जानकारी किसानों के साथ साझा की जाएगी। कार्पोरेशन की तीन सदस्यीय टीम जिसमें टीम लीडर के निर्देशानुसार टैक्निकल एक्सपर्ट अन्न भंडारण व्यवस्था पर और नान टैक्निकल एक्सपर्ट इस आधुनिक अन्न भंडारण व्यवस्था के वित्तीय लाभों पर अपना व्याख्यान देंगे।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के ब्लॉक स्तर 23 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में कृषि विशेषज्ञ, अनुभवी किसान और विषय विशेषज्ञ किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, टिकाऊ खेती के मॉडल और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे।
उल्लेखनीय है कि नवीन कृषि संकल्प अभियान का उद्देश्य किसानों को ऐसी सोच और संसाधनों से जोड़ना है, जिससे खेती लाभकारी बन सके। इस महत्वाकांक्षी अभियान का उद्देश्य अन्न भंडारण व्यवस्था में सुधार करना है ताकि किसानों की मेहनत से पैदा किया गया अन्न का दाना, भंडारण व्यवस्था की खामियों के कारण खराब ना होने पाएं। इसके साथ-साथ किसानों को आधुनिक खेती के लिए प्रोत्साहन देना, पर्यावरण- संरक्षण में भागीदारी सुनिश्चित करना और किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है। नवीन कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत किसानों को विकसित भारत के निर्माण में सशक्त भागीदार बनाने पर विशेष बल दिया जाएगा।