
"भरमौर-पठानकोट हाईवे पर खाई में गिरी कार, पांच लोगों की दर्दनाक मौ#त"
"गहरी खाई में गिरी कार, पांच लोगों की मौके पर मौ#त"
चम्बा,ब्यूरो रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहड़ के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। परिवार अपनी तीन माह की बच्ची का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार कराने के बाद घर लौट रहा था, तभी सोमवार देर रात उनकी ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। रात का समय और दुर्गम इलाका होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया।एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने पुष्टि की कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांच लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी और अत्यधिक धुंध छाई हुई थी। माना जा रहा है कि खराब दृश्यता और फिसलन के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही होगी।पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से मानसून के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।पठानकोट-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनीखेत के समीप लाहड़ में कार के गहरी खाई में गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि यह हादसा अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की कामना की। साथ ही शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।
Morang, Kinnaur | Jul 28, 2026