
हिमाचल में विश्व प्रसिद्ध बालक नाथ मंदिर में चढ़ावे की चांदी गायब 😱 110 ग्राम चांदी की जगह 11 ग्राम हुई रजिस्टर 😢
उत्तरी भारत के प्रसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर, दियोटसिद्ध में चढ़ावे में मिली चांदी के रिकॉर्ड को लेकर कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। विभागीय ऑडिट के दौरान यह मामला उजागर होने के बाद मंदिर प्रशासन से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जानकारी के अनुसार, मामला दिसंबर 2021 का है। आरोप है कि श्रद्धालु राकेश जैन द्वारा मंदिर को दान की गई 110 ग्राम चांदी को स्टॉक रजिस्टर में केवल 11 ग्राम 099 मिलीग्राम दर्ज किया गया। यानी रिकॉर्ड में लगभग 99 ग्राम चांदी कम दर्ज होने की बात ऑडिट में सामने आई।
यह आपत्ति अंकेक्षण अधियाचना संख्या-39, दिनांक 21 जनवरी 2026 के माध्यम से मंदिर अधिकारी, न्यास दियोटसिद्ध के संज्ञान में लाई गई थी। हालांकि, ऑडिट समाप्त होने तक इस संबंध में कोई जवाब या स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया। इसी कारण यह सवाल बना हुआ है कि दान में प्राप्त चांदी की मात्रा रिकॉर्ड में कम कैसे दर्ज हुई।
वर्तमान मंदिर अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने लगभग डेढ़ सप्ताह पहले ही कार्यभार संभाला है और स्वास्थ्य कारणों से अवकाश पर हैं। उनके अनुसार, उन्हें इस मामले की फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।
फिलहाल यह मामला विभागीय रिकॉर्ड में दर्ज ऑडिट आपत्ति से जुड़ा है। संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत स्पष्टीकरण और जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।