
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कतर के पूर्व शासक शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर रविवार को शोक व्यक्त किया और उन्हें ऐसा दूरदर्शी नेता बताया जिन्होंने खाड़ी देश को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. पीएम मोदी ने कहा कि भारत उन्हें एक 'सच्चे मित्र' के रूप में याद करता है. सरकारी मीडिया के अनुसार, कतर के पूर्व शासक का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "हम कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन से बेहद दुखी हैं. वह एक दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने कतर को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. हम उन्हें एक सच्चे मित्र के रूप में भी याद करते हैं. मुझे फरवरी 2024 में कतर की अपनी पिछली यात्रा के दौरान उनसे मिलने का सौभाग्य मिला था."
भारत सरकार ने कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर सम्मान प्रकट करते हुए 13 जुलाई को एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है. राष्ट्रीय शोक के दौरान पूरे भारत में जिन सरकारी भवनों पर नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, वहां राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा.