
इंदौर। मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का एक बयान इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। इंदौर के विधानसभा-1 स्थित पीएम राइस स्कूल अहिल्या आश्रम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने अपने बेबाक अंदाज में कहा, "70 साल का हो गया हूं... यूं ही सठिया गया हूं। किसी को बुरा लगे तो लगे, अपने को क्या फर्क पड़ता है। जो गलत है, वो गलत है और जो सही है, वो सही। मैं जो भी करता हूं, मुंह पर करता हूं, पीठ पीछे नहीं।" उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं और लोगों ने तालियां बजाईं।
कार्यक्रम के दौरान विजयवर्गीय ने छात्राओं को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी से दोस्ती या संबंध बनाने से पहले उसकी सही पहचान और पृष्ठभूमि जरूर जान लें। उन्होंने कहा कि कई लोग अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर लोगों को भ्रमित करते हैं, इसलिए जागरूक रहना जरूरी है।
नशामुक्ति पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि यदि उनका भाई नशा करता है तो रक्षाबंधन पर उसे राखी न बांधने का संकल्प लें और उसे नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में मंत्री ने विद्यालय को फर्नीचर और वाटर कूलर भी भेंट किए। उनके "70 साल का हो गया हूं... यूं ही सठिया गया हूं" वाले बयान की अब राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
#KailashVijayvargiya #Indore #MadhyaPradesh #PoliticalStatement #ViralNews #BJP #BreakingNews